इंसान की असल عظمت उसके मनसब, दौलत या शोहरत में नहीं, बल्कि उसकी शख्सियत में पोशीदा होती है। शख्सियत वो जौहर है जो इंसान को हुजूम में भी पहचान अता करता है और तन्हाई में भी उसके वक़ार की हिफाज़त करता है। अल्लामा इकबालؒ की फिक्र का मरकज़ी नुक्ता भी यही है कि इंसान अपनी ज़ात को पहचाने, सँवारे और मक़सद-ए-हयात से जोड़े।
इकबालؒ के नज़दीक शख्सियत की बुनियाद ख़ुदी है—यानी खुद शनासी, खुद दारी और खुद एहतिसाबी। वो इंसान को एहसास दिलाते हैं कि जब तक वो अपनी क़द्र खुद न पहचाने, दुनिया उसे कोई मक़ाम नहीं देती:


ख़ुदी को कर बुलंद इतना कि हर तक़दीर से पहले
ख़ुदा बंदे से खुद पूछे, बता तेरी रज़ा क्या है


ये शेर महज़ एक मिसरा नहीं, बल्कि शख्सियत साज़ी का मुकम्मल मंसूर है। इकबालؒ इंसान को कमज़ोर, मजबूर और हालात का गुलाम नहीं देखना चाहते, बल्कि वो एक बावक़ार, साहिब-ए-किरदार और बाअमल इंसान का तसव्वुर पेश करते हैं।
शख्सियत का दूसरा अहम सुतून किरदार है। इल्म अगर किरदार से खाली हो तो वो महज़ अल्फाज़ का अंबार रह जाता है। इकबालؒ ऐसे इल्म से ख़बरदार करते हैं जो अमल से जुदा हो:


अमल से ज़िंदगी बनती है जन्नत भी जहन्नुम भी
ये खाकी अपनी फितरत में न नूरी है न नारी है


यानी इंसान अपनी शख्सियत खुद तराशता है; उसके आमाल ही उसे बुलंदी या पस्ती की तरफ ले जाते हैं।
इकबालؒ के हाँ अज़्म, इस्तिक़लाल और खुद एतमादी शख्सियत के लाज़मी औसाफ़ हैं। वो नौजवान को खास तौर पर ये पैग़ाम देते हैं कि वो खौफ, जमुद और मायूसी को अपने करीब न आने दे:
नहीं है नाउम्मीद इकबाल अपनी किश्त-ए-वीराँ से
ज़रा नम हो तो ये मिट्टी बड़ी ज़रखेज़ है साकी
ये शेर हमें यकीन दिलाता है कि अगर नीयत खालिस और मेहनत मुसलसल हो तो शख्सियत की बंजर ज़मीन भी सरसब्ज़ हो सकती है।
शख्सियत साज़ी में दीन को इकबालؒ मरकज़ी हैसियत देते हैं। उनके नज़दीक दीन इंसान को तवाज़ुन, वक़ार और मक़सद अता करता है। वो ऐसे मुसलमान का तसव्वुर पेश करते हैं जो इबादत में भी ज़िंदा हो और मामलात में भी:


ये राज़ किसी को नहीं मालूम कि मोमिन
क़ारी नज़र आता है, हकीकत में है कुरान


यानी कामिल शख्सियत वो है जिसकी ज़िंदगी खुद एक ज़िंदा किताब बन जाए।


अल्लामा इकबालؒ की फिक्र हमें ये सबक देती है कि शख्सियत न विरासत से मिलती है, न नारों से बनती है, बल्कि ये मुसलसल जद्दोजहद, अखलाकी पुख्तगी और फिक्री बेदारी का नतीजा होती है। अगर हम एक मज़बूत फ़र्द, सालेह मुआशरा और बावक़ार कौम चाहते हैं तो हमें शख्सियत साज़ी को महज़ मौज़ू नहीं, मिशन बनाना होगा।
अफ़राद के हाथों में है अक़वाम की तक़दीर
हर फ़र्द है मिल्लत के मुक़द्दर का सितारा