रमजानुल मुबारक का महीना सरासर रहमत, मगफिरत और बरकतों का पैगाम लेकर आता है। इस महीने की हर साअत में खैर पोशीदा है और हर अमल का अजर कई गुना बढ़ा दिया जाता है। इन्हीं बा-बरकत आमाल में से एक सहरी भी है। आमतौर पर हम कहते हैं: "आओ सहरी खा लो", मगर अगर हम यह कहें कि "आओ बरकत का खाना खा लो" तो इस जुमले में रूहानियत, शऊर और मकसदियत की एक नई कैफियत पैदा हो जाती है।
सहरी महज खाना नहीं बल्कि इबादत की तैयारी है। यह वह लम्हा है जब बंदा रात की खामोशी में उठ कर अपने रब के हुक्म की तामील करता है। सहरी खाना सुन्नत-ए-नबवी ﷺ है और इस में खैर व बरकत रखी गई है। इसी लिए इसे सिर्फ एक मामूली नाश्ता समझना दुरुस्त नहीं, बल्कि यह बरकत का वह जरिया है जो पूरे दिन के रोजे को कुव्वत और इस्तिकामत अता करता है। जब हम कहते हैं "बरकत का खाना खा लो" तो दरअसल हम इस अमल की रूह को उजागर करते हैं। बरकत का मतलब सिर्फ ज्यादा होना नहीं बल्कि कम में भी किफायत, दिल का इतमिनान और अमल में खैर का शामिल हो जाना है। सहरी का लुकमा बा-जाहिर मामूली हो सकता है, मगर नीयत खालिस हो तो वही लुकमा जिस्म को ताकत और रूह को ताजगी अता करता है। इस वक्त की दुआ कुबूलियत के करीब होती है, और यह लम्हात अल्लाह ताला की खास रहमतों के नुजूल का वक्त होते हैं।
मजीद यह कि अल्फाज का इंतखाब भी तरबियत का हिस्सा है। जब हम अपने घर वालों, खुसूसन बच्चों को यह कहते हैं कि "आओ बरकत का खाना खा लो" तो हम उन के जेहनो में यह शऊर बेदार करते हैं कि रमजान के आमाल महज रस्म नहीं बल्कि फजल-ए-इलाही के हुसूल का जरिया हैं। यूं एक आम सा जुमला ईमान की ताजगी और दीनी शऊर की आबियारी का सबब बन जाता है।
पस हमें चाहिए कि सहरी को सिर्फ जिस्मानी जरूरत न समझें बल्कि इसे रूहानी सरमाया जानें। आएं, अपनी जुबानों को भी बा-बरकत बनाएं और अपने घरों में मोहब्बत से यह सदा बुलंद करें: "आओ बरकत का खाना खा लो" ताकि हमारे अल्फाज भी सवाब का जरिया बनें और हमारे आमाल भी बरकतों से मामूर हों।
🪶अज: ह ऐश✰